पढने और संकलन का शौक ही इस ब्लॉग का आधार है... महान कवि, शायर, रचनाकार और उनकी उत्कृष्ट रचनाएँ.... हमारे मित्र... हमारे गुरु... हमारे मार्गदर्शक... निश्चित रूप से हमारी बहुमूल्य धरोहर... विशुद्ध रूप से एक अव्यवसायिक संकलन जिसका एक मात्र और निःस्वार्थ उद्देश्य महान काव्य किवदंतियों के अप्रतिम रचना संसार को अधिकाधिक काव्य रसिकों तक पंहुचाना है... "काव्य मंजूषा"
Showing posts with label हरिवंश राय 'बच्चन'. Show all posts
Showing posts with label हरिवंश राय 'बच्चन'. Show all posts

Saturday, 30 June 2012

एकांत संगीत २०

कितना अकेला आज मैं !

संघर्ष में टूटा हुआ,
दुर्भाग्य से लूटा हुआ, 
परिवार से छूटा हुआ? कितना अकेला आज मैं!
कितना अकेला आज मैं !

भटका हुआ संसार में,
अकुशल जगत व्यवहार में,
असफल सभी व्यापार में, कितना अकेला आज मैं!
कितना अकेला आज मैं !

खोया सभी विश्वास है,
भूला सभी उल्लास है,
कुछ खोजती हर सांस है, कितना अकेला आज मैं!
कितना अकेला आज मैं !
___________________

एकांत संगीत १९

प्रार्थना मत कर, मत कर, मत कर !

युद्धक्षेत्र में दिखला भुजबल,
रहकर अविजित, अविचल प्रतिपल,
मनुज पराजय के स्मारक हैं, मठ, मस्जिद, गिरजाघर !
प्रार्थना मत कर, मत कर, मत कर !

मिला नहीं जो स्वेद बहाकर,
निज लोहू में भीग नहाकर,
वर्जित उसको, जिसे ध्यान है जग में कहलाये नर !
प्रार्थना मत कर, मत कर, मत कर !

झुकी हुई अभिमानी गर्दन,
बंधे हाथ, नत-निष्प्रभ लोचन,
यह मनुष्य का चित्र नहीं है, पशु का है रे कायर !
प्रार्थना मत कर, मत कर, मत कर !
___________________________

एकांत संगीत १८

विष का स्वाद बताना होगा !

ढाली थी मदिरा की प्याली,
चूसी थी अधरों की लाली,
कालकूट आनेवाला अब, देख नहीं घबराना होगा !
विष का स्वाद बताना होगा !

आँखों से यदि अश्रु छनेगा, 
कटुतर यह कटु पेय बनेगा,
ऐसे पी सकता है कोई, तुझको पी मुस्काना होगा !
विष का स्वाद बताना होगा !

गरल पान करके तू बैठा,
फेर पुतलियाँ कर-पग ऐंठा, 
यह कोई कर सकता, मुर्दे, तुझको अब उठ गाना होगा ! 
________________________

एकांत संगीत १७

अग्नि देश से आता हूँ मैं !

झुलस गया तन, झुलस गया मन,
झुलस गया कवि कोमल जीवन,
किन्तु अग्नि-वीणा पर अपने दग्ध कंठ से गाता हूँ मैं !
अग्नि देश से आता हूँ मैं !

स्वर्ण शुद्ध कर लाया जग में,
उसे लुटाता आया मग में,
दीनों का मैं वेश किये, पर दीन नहीं हूँ, दाता हूँ मैं !
अग्नि देश से आता हूँ मैं !

तुमने अपने कर फैलाए, 
लेकिन देर बड़ी कर आये,
कंचन तो लुट चुका, पथिक, अब लूटो राख लुटाता हूँ मैं !
अग्नि देश से आता हूँ मैं !
__________________________

Friday, 29 June 2012

एकांत संगीत १६

जीवन में शेष विषाद रहा !

कुछ टूटे सपनों की बस्ती,
मिटनेवाली यह भी हस्ती,
अवसाद बसा जिस खँडहर में, क्या उसमें ही उन्माद रहा !
जीवन में शेष विषाद रहा !

यह खँडहर ही था रंगमहल,
जिसमें थी मादक चहल-पहल,
लगता है यह खँडहर जैसे पहले न कभी आबाद रहा !
जीवन में शेष विषाद रहा !

जीवन में थे सुख के दिन भी,
जीवन में थे दुःख के दिन भी,
पर, हाय, हुआ ऐसा कैसे, सुख भूल गया, दुःख याद रहा !
जीवन में शेष विषाद रहा !
_________________________

एकांत संगीत १५

जीवन शाप या वरदान?

सुप्त को तुमने जगाया,
मौन को मुखरित बनाया, 
करुण क्रंदन को बताया क्यों मधुरतम गान ?
जीवन शाप या वरदान?

सजग फिर से सुप्त होगा,
गीत फिर से गुप्त होगा,
मध्य से अवसाद का ही क्यों किया सम्मान ?
जीवन शाप या वरदान?

पूर्ण भी जीवन करोगे,
हर्ष से क्षण क्षण मरोगे,
तो न कर दोगे उसे क्या एक दिन बलिदान ?
जीवन शाप या वरदान?
________________________ 

एकांत संगीत १४

अग्निपथ ! अग्निपथ ! अग्निपथ ! 

वृक्ष हों भले खड़े, 
हों घने, हों बड़े,
एक पत्र - छाँह भी मांग मत, मांग मत, मांग मत!
अग्निपथ ! अग्निपथ ! अग्निपथ ! 

तू न थकेगा कभी!
तू न रुकेगा कभी!
तू न मुड़ेगा कभी! कर शपथ, कर शपथ, कर शपथ !
अग्निपथ ! अग्निपथ ! अग्निपथ ! 

यह महान दृश्य है,
चल रहा मनुष्य है,
अश्रु-स्वेद-रक्त से लथपथ, लथपथ, लथपथ !
अग्निपथ ! अग्निपथ ! अग्निपथ ! 
_________________________

एकांत संगीत १३

तुम्हारा लौह चक्र आया !

कुचल चला अचला के वन घन,
बसे नगर सब निपट निठुर बन, 
चूर हुई चट्टान, क्षार पर्वत की दृढ़ काया !
तुम्हारा लौह चक्र आया !

अगणित ग्रह-नक्षत्र गगन के,
टूट पिसे, मरू-सिकता-कण के,
रूप उड़े, कुछ धुंआ-धुंआ सा अम्बर में छाया !
तुम्हारा लौह चक्र आया !

तुमने अपना चक्र उठाया,
अचरज से निज मुख फैलाया,
दन्त-चिह्न केवल मानव का जब उस पर आया !
तुम्हारा लौह चक्र आया ! 
_____________________ 

Sunday, 24 June 2012

एकांत संगीत १२

त्राहि, त्राहि कर उठता जीवन!

जब रजनी के सूने क्षण में, 
तन-मन के एकाकीपन में, 
कवि अपनी विह्वल वाणी से अपना व्याकुल मन बहलाता, 
त्राहि, त्राहि कर उठता जीवन!

जब उर की पीड़ा से रो कर, 
फिर कुछ सोच समझ चुप होकर,
विरही अपने ही हाथों से अपने आंसू पोंछ हटाता, 
त्राहि त्राहि कर उठता जीवन!

पंथी चलते-चलते थककर,
बैठ किसी पथ के पत्थर पर, 
जब अपने ही थकित करों से अपना विथकित पाँव दबाता, 
त्राहि, त्राहि कर उठता जीवन

______________________

एकांत संगीत ११

क्षतशीश मगर नतशीश नहीं.

बनकर अदृश्य मेरा दुश्मन,
करता है मुझ पर वार सघन, 
लड़ लेने की मेरी हवसें मेरे उर के ही बीच रहीं!
क्षतशीश मगर नतशीश नहीं. 

मिटटी है अश्रु बहाती है,
मेरी सत्ता तो गाती है, 
अपनी? ना ना, उसकी पीड़ा की ही मैनें कुछ बात कही!
क्षतशीश मगर नतशीश नहीं. 

चोटों से घबराउंगा कब, 
दुनिया ने भी जाना है जब, 
निज हाथ-हथौड़े से मैंने निज वक्षस्थल पर चोट सही!
क्षतशीश मगर नतशीश नहीं. 

________________________________

Friday, 22 June 2012

एकांत संगीत १०

       मिट्टी दीन कितनी हाय!

       ह्रदय की ज्वाला जलाती, 
       अश्रु की धारा बहाती, 
और उर-उच्छ्वास में यह कांपती निरुपाय!
       मिट्टी दीन कितनी हाय! 

       शून्यता एकांत मन की,
       शून्यता जैसे गगन की,
थाह पाती है न इसका मृत्तिका असहाय!
       मिट्टी दीन कितनी हाय!

       वह किसे दोषी बताये,
       और किसको दुःख सुनाये,
जब की मिट्टी साथ मिट्टी के करे अन्याय!
       मिट्टी दीन कितनी हाय!  

__________________________

एकांत संगीत ९

            तब रोक न पाया मैं आंसू. 

            जिसके पीछे पागल होकर, 
            मैं दौड़ा अपने जीवन भर, 
जब मृगजल में परिवर्तित हो, मुझ पर मेरा अरमान हंसा!
            तब रोक न पाया मैं आंसू. 

            जिसमें अपने प्राणों को भर,
            कर देना चाहा अजर-अमर,
जब विस्मृति के पीछे छिपकर, मुझ पर मेरा मधुगान हंसा!
            तब रोक न पाया मैं आंसू. 

            मेरे पूजन-आराधन को,
            मेरे सम्पूर्ण समर्पण को,
जब मेरी कमजोरी कहकर, मेरा पूजित पाषाण हंसा!
            तब रोक न पाया मैं आंसू. 

______________________________

Thursday, 21 June 2012

एकांत संगीत ८

           पूछता, पाता न उत्तर!

           जब चला जाता उजाला, 
           लौटती जब विहग-माला,
प्रात को मेरा विहाग जो उड़ गया था, लौट आया?
           पूछता, पाता न उत्तर!

           जब गगन में रात आती,
           दीप मालायें जलाती, 
अस्त जो मेरा सितारा था हुआ, फिर जगमगाया?
           पूछता, पाता न उत्तर!

           पूर्व में जब प्रात आता,
           भृंग दल मधुगीत गाता, 
मौन जो मेरा भ्रमर था हो गया, फिर गुनगुनाया?
           पूछता, उत्तर न पाता! 

_______________________

एकांत संगीत ७

           सोचा, हुआ परिणाम क्या?

           जब सुप्त बडवानल जगा, 
           जब खौलने सागर लगा, 
           उमड़ी तरंगें उर्ध्वगा, 
ले तारकों को भी डूबा, तुमने कहा- हो शीत, जम!
           सोचा, हुआ परिणाम क्या?

           जब उठ पडा मारुत मचल,
           हो अग्निमय, रजमय, सजल,
           झोंके चले ऐसे प्रबल,
दें पर्वतों को भी उड़ा, तुमने कहा- हो मौन थम!
           सोचा, हुआ परिणाम क्या?

           जब जग पड़ी तृष्णा अमर, 
           दृग में फिरी विद्युत् लहर, 
           आतुर हुए ऐसे अधर, 
पी लें अटल मधु-सिन्धु को, तुमने कहा- मदिरा ख़तम!
           सोचा, हुआ परिणाम क्या? 

___________________________

Wednesday, 20 June 2012

एकांत संगीत ६

          किस ओर मैं? किस ओर मैं?

          है एक ओर असित निशा,
          है एक ओर अरुण दिशा,
पर आज स्वप्नों में फंसा, यह भी नहीं मैं जानता-
          किस ओर मैं? किस ओर मैं?

          है एक ओर अगम्य जल,
          है एक ओर सुरम्य थल,
पर आज लहरों से ग्रसा, यह भी नहीं मैं जानता-
          किस ओर मैं? किस ओर मैं?

          है हार एक तरफ पड़ी,
          है जीत एक तरफ खड़ी,
संघर्ष-जीवन में धंसा, यह भी नहीं मैं जानता-
          किस ओर मैं? किस ओर मैं? 

___________________________

एकांत संगीत ५

          किसके लिये, किसके लिये.

          जीवन मुझे जो ताप दे,
          जग जो मुझे अभिशाप दे, 
जो काल भी संताप दे, उसको सदा सहता रहूँ,
          किसके लिये, किसके लिये. 

          चाहे सुने कोई नहीं, 
          हो प्रतिध्वनित न कभी कहीं,
पर नित्य अपने गीत में, निज वेदना कहता रहूँ, 
          किसके लिये, किसके लिये. 

          क्यों पूछता दिनकर नहीं,
          क्यों पूछता गिरिवर नहीं,
          क्यों पूछता निर्झर नहीं,
मेरी तरह जलता रहूँ, गलता रहूँ, बहता रहूँ,
          किसके लिये, किसके लिये. 

_______________________________

Tuesday, 19 June 2012

एकांत संगीत ४

            मैं जीवन में कुछ कर न सका. 

            जग में अंधियाला छाया था, 
            मैं ज्वाला लेकर आया था,
मैनें जल कर दी आयु बिता, पर जगती का तम हर न सका. 
            मैं जीवन में कुछ कर न सका. 

            अपनी ही आग बुझा लेता 
            तो जी को धैर्य बंधा लेता, 
मधु का सागर लग्राता था, लघु प्याला भी मैं भर न सका. 
            मैं जीवन में कुछ कर न सका. 

            बिता अवसर क्या आयेगा,
            मन जीवन भर पछतायेगा,
मरना तो होगा ही मुझको, जब मरना था तब मर न सका. 
            मैं जीवन में कुछ कर न सका. 

____________________________

एकांत संगीत ३

          कोई नहीं , कोई नहीं! 
               
          यह भूमि है हाला भरी
          मधु पात्र - मधुबाला भरी 
ऐसा बुझा जो पा सके मेरे ह्रदय की प्यास को-
          कोई नहीं कोई नहीं!

          सुनता समझता है गगन,
          वन के विहंगों के वचन,
ऐसा समझ जो पा सके मेरे ह्रदय - उच्छ्वास को-
          कोई नहीं, कोई नहीं. 

          मधुऋतु समीरण चल पडा, 
          वन ले नये पल्लव खडा, 
ऐसा फिरा जो ला सके मेरे गये विश्वास को- 
          कोई नहीं, कोई नहीं. 

_____________________________

Monday, 18 June 2012

एकांत संगीत २

             कोई गाता, मैं सो जाता.

             संसृति के विस्तृत सागर में. 
             सपनों की नौका के अन्दर. 
सुख-दुःख की लहरों पर उठ-गिर, बहता जाता, मैं सो जाता. 
             कोई गाता, मैं सो जाता. 

             आँखों में भरकर प्यार अमर,
             आशीष हथेली में भरकर
कोई मेरा सिर गोदी में रख सहलाता, मैं सो जाता.
             कोई गाता, मैं सो जाता. 

             मेरे जीवन का खारा जल,
             मेरे जीवन का हालाहल,
कोई अपने स्वर में मधुमय कर बरसाता, मैं सो जाता.
             कोई गाता, मैं सो जाता. 

_____________________

एकांत संगीत १

             अब मत मेरा निर्माण करो.

             तुमने न बना मुझको पाया.
             युग युग बीते मैं घबराया.
भूलो मेरी विह्वलता को, निज लज्जा को तो ध्यान करो.
             अब मत मेरा निर्माण करो.

             इस चक्की पर खाते चक्कर.
             मेरा तन-मन-जीवन जर्जर.
हे कुम्भकार! मेरी मिटटी को, और न अब हैरान करो.
             अब मत मेरा निर्माण करो.

             कहने की सीमा होती है. 
             सहने की सीमा होती है.
कुछ मेरे भी वश में, मेरा कुछ सोच समझ अपमान करो.
             अब मत नेरा निर्माण करो.

___________________