पढने और संकलन का शौक ही इस ब्लॉग का आधार है... महान कवि, शायर, रचनाकार और उनकी उत्कृष्ट रचनाएँ.... हमारे मित्र... हमारे गुरु... हमारे मार्गदर्शक... निश्चित रूप से हमारी बहुमूल्य धरोहर... विशुद्ध रूप से एक अव्यवसायिक संकलन जिसका एक मात्र और निःस्वार्थ उद्देश्य महान काव्य किवदंतियों के अप्रतिम रचना संसार को अधिकाधिक काव्य रसिकों तक पंहुचाना है... "काव्य मंजूषा"
Showing posts with label 'दिनकर'. Show all posts
Showing posts with label 'दिनकर'. Show all posts

Thursday, 14 March 2013

मंगल आह्वान

भावों के आवेग प्रबल
मचा रहे उर में हलचल!
          कहते उर के बाँध तोड़
          स्वर स्त्रोतों में बह-बह अनजान,
          तृण, तरु, लता, अनिल, जल-थल को 
          छा लेंगे हम बन के गान.
पर हूँ विवश, गान से कैसे 
जग को हाय! जगाऊं में,
इस तमिस्त्र युग-बीच ज्योति की  
कौन रागिनी गाऊं मैं?
          बाट जोहता हूँ, लाचार
          आओ, स्वरसम्राट! उदार.

पल भर को मेरे प्राणों में 
ओ विराट गायक! आओ,
इस बंशी पर रसमय स्वर में
युग-युग के गायन गाओ.
          वे गायन, जिन को न आज तक 
          गाकर सिरा सका जल-थल,
          जिन की तान-तान पर आकुल 
          सिहर सिहर उठता उडु-दल. 
आज सरित का कल-कल, छल-छल
निर्झर का अविरल झर-झर,
पावस के बूंदों की रिमझिम 
पीले पत्तों का मर्मर, 
          जलधि-साँस, पक्षी के कलरव,
          अनिल-सनन, अलि का गुन-गुन 
          मेरी वंशी के छिद्रों में 
          भर दो ये मधु स्वर चुन-चुन.
दो आदेश फूंक दूं श्रृंगी
उठें प्रभाती-राग महान,
तीनों काल ध्वनित हों स्वर में,
आगे सुप्त भुवन के प्राण. 
          गत विभूति, भावी की आशा
          ले युगधर्म पुकार उठे, 
          सिंहों की घन-अंध गुहा में
          जागृति की हुंकार उठे.
जिनका लुटा सुहाग, ह्रदय में 
उनके दारुण हूक उठे, 
चीखूँ यों कि याद कर ऋतुपति 
की कोयल से कूक उठे. 
          प्रियदर्शन इतिहास कंठ में 
          आज ध्वनित हो काव्य बने, 
          वर्तमान की चित्रपटी पर-
          भूतकाल संभाव्य बने. 
जहां-जहां घन-तिमिर ह्रदय में
भर दो वहाँ विभा प्यारी
दुर्बल प्राणों की नस-नस में
देव! फूंक दो चिंगारी. 
          ऐसा दो वरदान कला को 
          कुछ भी रहे अजेय नहीं,
          रजकण से ले पारिजात तक 
          कोई रूप अगेय नहीं. 
प्रथम खिली जो मधुर ज्योति 
कविता वन तमसा-कूलों में,
जो हंसती आ रही युगों से 
नभ-दीपों, वनफूलों में. 
          सुर-सुर, तुलसी-शशि जिसकी 
          विभा यहाँ फैलाते हैं, 
          जिस के बुझे कणों को पा कवि
          अब खद्योत कहाते हैं. 
उसकी विभा प्रदीप्त करे
मेरे उर का कोना-कोना,
छू दे यदि लेखनी, धूल भी
चमक उठे बनकर सोना.  

______________________ 
 
    

Monday, 3 September 2012

शबनम की ज़ंजीर

रचना तो पूरी हुई, जान भी है इसमें?
पूंछूं जो कोई बात, मूर्ति बतलाएगी?
लग जाय आग यदि किसी रोज देवालय में
चौंकेगी या यह खड़ी खड़ी जल जायेगी?

ढाँचे में तो सब ठीक-ठीक उतरा, लेकिन, 
बेजान बुतों के कारीगर, कुछ होश करो;
जब तक पत्थर के भीतर सांस नहीं चलती,
सौगंध इसी की तुम्हें, न तुम संतोष करो. 

भर सको अगर तो प्रतिमा में चेतना भरो,
यदि नहीं, निमंत्रण दो जीवन के दानी को. 
विभ्राट महाबल जहाँ थके से दीख रहे,
आगे आने दो वहाँ क्षीणबल प्राणी को. 

तैरता हवा में जो, वह क्या भारी होगा?
सपनों के तो सारथी क्षीणबल होते हैं;
संसार पुष्प से अपने को भूषित करता,
ये गंधभार अपनी आत्मा में ढोते हैं. 

सपनों का वह सारथी, यान जिसका कोमल,
आँखों से ओझल ह्रदय-ह्रदय में चलता है,
जिसके छूते ही मन की पलक उधर जाती,
विश्वास भ्रान्ति को भेद दीप सा बलता है. 

सपनों का वह सारथी, रात की छाया में, 
आते जिस की श्रुति में संवाद सितारों से, 
सरिताएं जिस से अपना हाल कहा करतीं,
बातें करता जो फूलों और पहाड़ों से. 

पपड़ियाँ तोड़ फूटते जिंदगी के सोते,
रथ के चक्के की लीक जहाँ भी पड़ती है.
प्रतिमा सजीव होकर चलने-फिरने लगतीं,
मिटटी की छाती में चेतना उमड़ती है. 

छेनी टांकी क्या करें? जिंदगी की साँसें,
लोहे पर धरकर नहीं बनाई जाती हैं,
धाराएं जो मानव को उद्वेलित करतीं,
यंत्रों के बल से नहीं बहाई जाती हैं. 

विज्ञान काम कर चुका; हाथ उसका रोको;
आगे आने दो गुणी! कला कल्याणी को.
जो भार नहीं विभ्राट, महाबल उठा सके,
दो उसे उठाने किसी क्षीणबल प्राणी को. 

मानव-मन को बेधते फूल के दल केवल,
आदमी नहीं कटता बरछों से, तीरों से;
लोहे की कड़ियों की साज़िश बेकार हुई,
बांधों मनुष्य को शबनम की जंजीरों से.

_____________________ 

Monday, 30 July 2012

चाँद और कवि

रात यूँ कहने लगा मुझसे गगन का चाँद,
आदमी भी क्या अनोखा जीव होता है.
उलझनें अपनी बनाकर आप ही फंसता, 
और फिर बेचैन हो जगता न सोता है. 

जानता है तू कि मैं कितना पुराना हूँ?
मैं चुका हूँ देख मनु को जनमते मरते;
और लाखों बार तुझ-से पागलों को भी,
चांदनी में बैठ स्वप्नों पर सही करते. 

आदमी का स्वप्न? है वह बुलबुला जल का,
आज बनता और कल फिर फूट जाता है;
किन्तु, तो भी धन्य; ठहरा आदमी ही तो!
बुलबुलों से खेलता, कविता बनाता है. 

मैं न बोला, किन्तु मेरी रागिनी बोली,
चाँद! फिर से देख, मुझ को जानता है तू?
स्वप्न मेरे बुलबुले है? है यही पानी?
आग को भी क्या नहीं पहचानता है तू?

मैं न वह तो स्वप्न पर केवल सही करते,
आग में उसको गला लोहा बनाती हूँ;
और उस पर नींव रखती हूँ नए घर की,
इस तरह, दीवार फौलादी उठाती हूँ.

मनु नहीं, मनु-पुत्र है यह सामने, जिस की
कल्पना की जीभ में भी धार होती है;
बाण ही होते विचारों के नहीं केवल,
स्वप्न के भी हाथ में तलवार होती है. 

स्वर्ग के सम्राट को जाकर खबर कर दे,
"रोज ही आकाश चढ़ते जा रहे हैं ये;
रोकिये, जैसे बने, इन स्वप्नवालों को,
स्वर्ग की ही और बढ़ते जा रहे हैं ये. 
______________________

Saturday, 28 July 2012

लोहे के पेड़ हरे होंगे...

लोहे के पेड़ हरे होंगे, तू गान प्रेम के गाता चल. 
नम होगी यह मिटटी जरुर,आंसू के कण बरसाता चल.

सिसकियों और चीत्कारों से, जितना भी हो आकाश भरा,
कंकालों का हो ढेर, खप्परों से चाहे हो पटी धरा.
आशा के स्वर का भार, पवन को लेकिन, लेना ही होगा,
जीवित सपनों के लिए मार्ग मुर्दों को देना ही होगा. 
रंगों के सातों घाट उड़ेल, यह अंधियारी रंग जायेगी,
उषा को सत्य बनाने को जावक नभ पर छितराता चल. 
लोहे के पेड़ हरे होंगे.... 

आदर्शों से आदर्श भिड़े, प्रज्ञा-प्रज्ञा पर टूट रही.
प्रतिमा-प्रतिमा से लड़ती है, धरती की किस्मत फूट रही. 
आवर्तों का है विषम जाल, निरुपाय बुद्धि चकराती है, 
विज्ञान-यान पर चढ़ी हुई सभ्यता डूबने जाती है. 
जब-जब मस्तिष्क जयी होता, संसार ज्ञान से चलता है,
शीतलता की है राह ह्रदय, तू यह संवाद सुनाता चल. 
लोहे के पेड़ हरे होंगे... 

सूरज है जग का बुझा-बुझा, चन्द्रमा मिलन सा लगता है,
सब की कोशिश बेकार हुई, आलोक न इन का जगता है.
इन मलिन ग्रहों के प्राणों में कोई नवीन आभा भर दे,
जादूगर! अपने दर्पण पर घिसकर इन को ताजा कर दे. 
दीपक के जलते प्राण, दिवाली तभी सुहावन होती है,
रोशनी जगत को देने को अपनी अस्थियाँ जलाता चल. 
लोहे के पेड़ हरे होंगे...

क्या उन्हें देख विस्मित होना, जो हैं अलमस्त बहारों में, 
फूलों को जो हैं गूंथ रहे, सोने-चांदी के तारों में?
मानवता का तू विप्र, गंध-छाया का आदि पुजारी है,
वेदना-पुत्र! तू तो केवल जलने भर का अधिकारी है.
ले बड़ी ख़ुशी से उठा, सरोवर में जो हंसता चाँद मिले,
दर्पण में रचकर फूल, मगर उस का भी मोल चुकाता चल. 
लोहे के पेड़ हरे होंगे...

काया की कितनी धूम-धाम! दो रोज चमक बुझ जाती है;
छाया पीती पीयूष, मृत्यु के ऊपर ध्वजा उडाती है.
लेने दे जग को उसे, ताल पर जो कलहंस मचलता है,
तेरा मराल जल के दर्पण में नीचे-नीचे चलता है.
कनकाभ धूल झर जायेगी, ये रंग कभी उड़ जायेंगे,
सौरभ है केवल सार, उसे तू सब के लिए जगाता चल. 
लोहे के पेड़ हरे होंगे...

क्या अपनी उनसे होड़ अमरता की जिनको पहचान नहीं,
छाया से परिचय नहीं, गंध के जग का जिनको ज्ञान नहीं.
जो चतुर चाँद का रस निचोड़ प्यालों में ढाला करते हैं,
भट्टियां चढ़ाकर फूलों से जो इत्र निकाला करते हैं. 
ये भी जायेंगे कभी, मगर, आधी मनुष्यतावालों पर,
जैसे मुस्काता आया है, वैसे अब भी मुस्काता चल. 
लोहे के पेड़ हरे होंगे...

सभ्यता अंग पर क्षत कराल, यह अर्थ-मानवों का बल है,
हम रोकर भरते उसे, हमारी आँखों में गंगाजल है. 
शूली पर चढ़ा मसीहा को, वे फूले नहीं समाते हैं,
हम शव को जीवित करने को छायापुर में ले जाते हैं. 
भीगी चांदनियों में जीता, जो कठिन धूप में मरता है,
उजियाली से पीड़ित नर के मन में गोधुली बसाता चल. 
लोहे के पेड़ हरे होंगे...

यह देख नई लीला उनकी, फिर उन ने बड़ा कमाल किया,
गांधी के लोहू से सारे, भारत-सागर को लाल किया. 
जी उठे राम, जी उठे कृष्ण, भारत की मिटटी रोती है, 
क्या हुआ कि प्यारे गांधी कि यह लाश न ज़िंदा होती है?
तलवार मारती जिन्हें, बांसुरी उन्हें नया जीवन देती,
जीवनी-शक्ति के अभिमानी! यह भी कमाल दिखलाता चल. 
लोहे के पेड़ हरे होंगे...

धरती के भाग हरे होंगे, भारती अमृत बरसायेगी,
दिन की कराल दाहकता पर चाँदनी सुशीतल छाएगी. 
ज्वालामुखियों कि कंठों में कलकंठी का आसन होगा,
जलदों से लदा गगन होगा, फूलों से भरा भुवन होगा. 
बेजान, यंत्र विरचित गूंगी, मूर्तियाँ एक दिन बोलेंगी, 
मुंह खोल-खोल सब के भीतर, शिल्पी! तू जीभ बिठाता चल. 
लोहे के पेड़ हरे होंगे... 
_________________

 
 

Wednesday, 4 July 2012

कलिंग विजय

'कलिंग विजय' हिंद गौरव राष्ट्र कवि रामधारी सिंह 'दिनकर' रचित ऐसी कालजयी रचना (खंड काव्य) जिसे पढ़ते हुए पाठक के रोंगटे खड़े हो जाते हैं... विश्व इतिहास का सबसे भीषण नरसंहार समेटे कलिंग युद्ध के पश्चात रणक्षेत्र का ऐसा दारुण विवरण कि हृदय से बरबस 'आह' निकल जाती है... क्या आश्चर्य कि इस युद्ध के पश्चात इतिहास का सबसे निष्ठुर और निरंकुश शासक सम्राट अशोक का हृदय परिवर्तन हुआ और वे जीवन भर के लिए धर्म कि शरण गए...
1
युद्ध की इति हो गई; रण-भू श्रमित सुनसान,
गिरि शिखर पर थम गया है, डूबता दिनमान, 
देखता यम का भयावह कृत्य,
अंध मानव की नियति का नृत्य;

सोचता, इस बंधू-वध का क्या हुआ परिणाम?
विश्व को क्या दे गया इतना बड़ा संग्राम?

युद्ध का परिणाम?
युद्ध का परिणाम ह्रासत्रास!
युद्ध का परिणाम सत्यानाश!
रुण्ड-मुण्ड-लुठन, निहिंसन, मीच!
युद्ध का परिणाम लोहित कीच!
हो चुका जो कुछ रहा भवितव्य,
यह नहीं नर के लिए कुछ नव्य, 
भूमि का प्राचीन यह अभिशाप,
तू गगनचारी! न कर सन्ताप!
मौन कब के हो चुके रण-तूर्य, 
डूब जा तू भी कहीं ओ सूर्य! 

छा गया तम, आ गए तारे तिमिर को चीर,
आ गया विधु; किन्तु, क्यों आकृति लिए गंभीर?

और उस घन-खण्ड ने विधु को लिया क्यों ढांक?
फिर गया शशि क्या लजाकर पाप नर के झाँक?
चांदनी घन में मिली है छा रही सब ओर,
सांझ को ही दीखता ज्यों हो गया हो भोर!
मौन हैं चारों दिशाएँ, स्तब्ध है आकाश,
श्रव्य जो भी शब्द, वे उठते मरण के पास!

2
शब्द? यानी घायलों की आह,
घाव के मारे हुओं की क्षीण, करुण कराह,
बह रहा जिसका लहू उस का करुण चीत्कार,
श्वान जिस को नोचते उस की अधीर पुकार,
'घूँट भर पानी, ज़रा पानी' रटन, फिर मौन,
घूँट भर पानी अमृत है, आज देगा कौन?

बोलते यम के सहोदर श्वान,
बोलते जम्बुक कृतान्त-समान.

मृत्यु-गढ़ पर है खडा जयकेतु रेखाकार,
हो गयी हो शांति मरघट की यथा साकार,
चल रहा ध्वज के ह्रदय में द्वन्द,
वैजयंती है झुकी निस्पंद,

जा चुके सब लोग फिर आवास,
हतमना कुछ और कुछ सोल्लास.
अंक में घायल मृतक, निश्चेत,
शूर-वीरों को लिटाये रह गया रण खेत. 

और इस सुनसान में निःसंग,
खोजते सच्छान्ति का परिश्वंग,
मूर्तिमय परिताप से विभ्राट.
हैं खड़े केवल मगध सम्राट.

टेक सर ध्वज का लिए अवलम्ब,
आँख से झर-झर बहाते अम्बु. 
भूल कर महिपाल का अहमित्व,
शीश पर वध के लिए दायित्व.

जा चुकी है दृष्टि जग के पार,
आ रहा सम्मुख नया संसार.
चिर वक्षोदेश भीतर पैठ, 
दे रहा है सत्य का संवाद,
सुन रहे सम्राट कोई नाद. 

"मंद मानव! वासना के भृत्य!
देख ले भर आँख निज दुष्कृत्य,
यह धरा तेरी न थी उपनीत,
शत्रु की त्यों ही नहीं थी क्रीत. 

सृष्टि सारी एक प्रभु का राज, 
स्वत्व है सब का प्रजा के ब्याज.
मानकर प्रति जीव का अधिकार,
ढो रही धरणी सभी का भार. 

एक ही स्तन का पयस कर पान,
जी रहे बलहीन औ' बलवान.
देखने को बिम्ब-रूप अनेक,
किन्तु, दृश्याधार दर्पण एक. 

मृत्ति तो बिकती यहाँ बेदाम,
सांस से चलता मनुज का काम,
मृत्तिका हो या कि दीपित स्वर्ण,
सांस पाकर मूर्ति होती पूर्ण. 

राज या बल पा अमित अनमोल,
सांस का बढ़ता न किंचित मोल.
दीनता, दौर्बल्य या अपमान,
त्यों घटा सकते न इस का मान.

तू हुआ सब कुछ, मनुज लेकिन, रहा अब क्या न?
जो नहीं कुछ बन सका, वह भी मनुज है मान. 
हाय रे धनलुब्ध जीव कठोर!
हाय रे दारुण! मुकुटधर भूप लोलुप चोर!

साजकर इतना बड़ा सामान,
स्वत्व निज सर्वत्र अपना मान,
खड्ग-बल का ले मृषा आधार,
छीनता फिरता मनुज के प्राकृतिक अधिकार. 

चरण से प्रभु के नियम को चाप, 
तू बना है चाहता भगवान् अपना आप.
भौं उठा पायें न तेरे सामने बलहीन,
इसलिए ही तो प्रलय यह! हार रे हिय-हीन. 
शमित करने को स्वमद अति ऊन,
चाहिए तुझको मनुज का खून. 

क्रूरता का साथ ले आख्यान,
जा चुके जा रहे हैं प्राण.
स्वर्ग में है आज हाहाकार,
चाहता उजड़ा बसा संसार. 

भूमि का मानी महीप अशोक,
बांटता फिरता चतुर्दिक शोक.
बांटता सुतशोक औ' वैधव्य,
बांटता पशु को मनुज का क्रव्य. 

लूटता है गोदियों के लाल,
लूटता सिन्दूर सज्जित भाल.
यह मनुज तन में किसी शक्रारि का अवतार,
लूट लेता है नगर की सिद्धि, सुख, शृंगार. 


शमित करने को स्वमद अति ऊन,
चाहिए उस को मनुज का खून."

3
आत्म-दर्शन की व्यथा, परिताप, पश्चाताप, 
डस रहे सब मिल, उठा है भूप का मन कांप.

स्तब्धता को भेद बारम्बार, 
आ रहा है क्षीण हाहाकार,
यह हृदय द्रावक, करुण वैधव्य का चीत्कार!
यह किसी बूढ़े पिता कि भग्न, आर्त पुकार.
यह किसी मृतवत्सला की आह!
आ रही करती हुई दिवदाह!

आ रही है दुर्बलों कि हाय,
सूझता है त्राण का नृप को न एक उपाय,
आह कि सेना अजेय विराट, 
भाग जा, छिप जा कहीं सम्राट. 

खड्ग से होगी नहीं यह भीत,
तू कभी इस को न सकता जीत.
सामने मन के विरुपाकार,
है खडा उल्लंग हो संहार. 

षोडशी शुक्लाम्बरायें आभरण कर दूर, 
धुल मलकर धो रही है मांग का सिन्दूर 
वीर बेटों की चिताएं देख ज्वलित समक्ष,
रो रहीं माएं हजारों पीटती सिर-वक्ष. 

हैं खुले नृप के हृदय के कान,
हैं खुले मन के नयन अम्लान.
सुन रहे हैं विह्वला कि आह,
देखते हैं स्पष्ट शव का दाह.

सुन रहे हैं भूप होकर व्यग्र, 
रो रहा कैसे कलिंग समग्र. 

रो रही हैं वे कि जिन का जल गया शृंगार,
रो रही जिन का गया मिट फूलता संसार,
जल गयी उम्मीद, जिन का जल गया है प्यार, 
रो रही जिन का गया छिन एक ही आधार. 

चूड़ियां दो एक की प्रतिगृह हुई हैं चूर,
पुंछ गया प्रति गेह से दो एक का सिन्दूर,
बुझ गया प्रतिगृह किसी की आँख का आलोक,
इस महा विध्वंस का दायी महीप अशोक. 

ध्यान में थे हो रहे आघात, 
कान ने सुन ली मगर, यह बात, 
नाम सुन अपना, उसाँसे खींच,
नाक, भौं, आँखें घृणा से मींच. 

इस तरह बोले महीपति खिन्न, 
आप से ज्यों हो गए हों भिन्न-
"विश्व में पापी महीप अशोक, 
छीनता है आँख का आलोक."


देह के दुर्द्धर्ष पशु को मार,
ले चुके हैं देवता अवतार. 
निंद्य लगते पूर्वकृत सब काम,
सुन न सकते आज वे निज नाम. 


अश्रु में घुल बह गया कुत्सित, निहीन, विवर्ण,
रह गया है शेष केवल तप्त, निर्मल स्वर्ण, 
हूक सी आकर गयी कोई हृदय को तोड़, 
ठेस से विष-भाण्ड को कोई गयी है फोड़. 

बह गया है अश्रु बनकर कालकूट ज्वलंत,
जा रहा भरता दया के दूध से वेशन्त. 

दूध अंतर का सरल, अम्लान, 
खिल रहा मुख-देश पर द्युतिमान.
किन्तु है अब भी झनत्कृत तार,
बोलते हैं भूप बारम्बार- 
"हाय रे गर्हित विजय-मद ऊन,
क्या किया मैनें! बहाया आदमी का खून."


4
खुल गयी है शुभ्र मन की आँख, 
खुल गयी है चेतना की पाँख,
प्राण की अन्तःशिला पर आज पहली बार, 
जागकर करुणा उठी है कर मृदुल झनकार.

आंसुओं में गल रहे हैं प्राण,
खिल रहा मन में कमल अम्लान.
गिर गया हतबुद्धि सा थक कर पुरुष दुर्जेय,
प्राण से निकली अनामय नारि एक अमेय.
अर्धनारीश्वर अशोक महीप,
नर पराजित, नारि सजती है विजय का दीप.

पायलों की सुन मृदुल झनकार,
गिर गयी कर से स्वयं तलवार. 
वज्र का उर हो गया दो टूक, 
जब उठी कोई हृदय में हूक.

लाल किरणों में यथा हँसता तटी का देश,
एक कोमल ज्ञान से त्यों खिल उठा हृदेश.
खोल दृग, चारों तरफ अवलोक,
सिर झुका कहने लगे मानी महीप अशोक- 

'हे नियंता, विश्व के कोई अचिन्त्य, अमेय!
ईश या जगदीश कोई शक्ति है अज्ञेय! 


हों नहीं क्षन्तव्य जो मेरे विगर्हित पाप,
दो वचन, अक्षय रहे यह ग्लानी, यह परिताप. 


प्राण में बल दो, रखूं निज को सदैव संभाल,
देव, गर्वस्फीत हो उंचा उठे मत भाल. 


शत्रु हो कोई नहीं, हो आत्मवत संसार,
पुत्र सा पशु-पक्षियों को भी सकूँ कर प्यार. 


मिट नहीं जाए किसी का चरण चिह्न पुनीत,
राह में भी मैं चलूँ पग-पग सजग, सम्भीत.


हो नहीं मुझ को किसी पर रोष, 
धर्म का गूंजे जगत में घोष. 


बुद्ध की जय! धर्म की जय! संघ का जय-गान,
आ बसें मुझ में तथागत मारजित भगवान्. 
देवता को सौंपकर सर्वस्व, 
भूप मन ही मन गए हो निःस्व. 


5
और तब उन्मादिनी सोल्लास, 
रक्त पर बहती विजय आयी वरण को पास.
संग लेकर ब्याह का उपहार,
रक्त-कर्दम के कमल का हार. 
पर, डिगे तिल-भर न वीर महीप,
थी जला करुणा, चुकी तब तक विजय का दीप.
____________________________________

Wednesday, 27 June 2012

परिचय

सलिल-कण हूँ कि पारावार हूँ मैं?
स्वयं छाया, स्वयं आधार हूँ मैं. 
बंधा हूँ, स्वप्न हूँ, लघु वृत्त में हूँ, 
नहीं तो व्योम का विस्तार हूँ मैं. 

समाना चाहती जो बीन-उर में. 
विकल वह शून्य की झंकार हूँ मैं. 
भटकता, खोजता हूँ ज्योति मन में,
सुना है ज्योति का आगार हूँ मैं. 

जिसे निशि खोजती तारे जलाकर,
उसी का कर रहा अभिसार हूँ मैं.
जनमकर मर चुका सौ बार लेकिन,
अगम का पा सका क्या पार हूँ मैं?

कली की पंखडी पर ओस कण में,
रंगीले स्वप्न का संसार हूँ मैं.
मुझे क्या आज ही या कल झडूं मैं?
सुमन हूँ, एक लघु उपहार हूँ मैं. 

जलन हूँ, दर्द हूँ दिल कि कसक हूँ,
किसी का हाय! खोया प्यार हूँ मैं. 
गिरा हूँ भूमि पर नंदन-विपिन से,
अमर-तरु का सुमन सुकुमार हूँ मैं.

मुझे क्या गर्व हो अपनी विभा का?
चिता की धूलि कण हूँ, क्षार हूँ मैं.
पता मेरा तुम्हें मिटटी कहेगी,
समा जिस में चुका सौ बार हूँ मैं. 

सुनूँ क्या सिन्धु! मैं गर्जन तुम्हारा?
स्वयं युघ-धर्म का हुंकार हूँ मैं.
कठिन निर्घोष हूँ भीषण अशनि का,
प्रलय-गांडीव की टंकार हूँ मैं.

दबी सी आग हूँ भीषण क्षुधा की,
दलित का मौन हाहाकार हूँ मैं.
सजग संसार, तू निज को संभाले,
प्रलय का क्षुब्ध पारावार हूँ मैं. 

बंधा हूँ, तूफ़ान हूँ, चलना मना है,
बंधी उद्दाम निर्झर धार हूँ मैं. 
कहूँ क्या, कौन हूँ? क्या आग मेरी?
बंधी है लेखनी, लाचार हूँ मैं. 

_________________________

Monday, 25 June 2012

डाकिये

पक्षी और बादल, 
             ये भगवान् के डाकिये हैं,
             जो एक महादेश से-
             दूसरे महादेश को जाते हैं. 

हम तो समझ नहीं पाते, 
             पर उनकी लायी चिट्ठियाँ
             पेड़, पौधे, पानी और पहाड़ 
             बांचते हैं. 

हम तो केवल यह आंकते हैं
             की एक देश की धरती 
             दूसरे देश को सुगंध भेजती है. 
             और वह सौरभ हवा में तैरते हए 
             पक्षियों की पाँखों पर तिरता है. 

और एक देश का भाप 
              दूसरे देश में
              पानी बनकर गिरता है. 
_______________________