पढने और संकलन का शौक ही इस ब्लॉग का आधार है... महान कवि, शायर, रचनाकार और उनकी उत्कृष्ट रचनाएँ.... हमारे मित्र... हमारे गुरु... हमारे मार्गदर्शक... निश्चित रूप से हमारी बहुमूल्य धरोहर... विशुद्ध रूप से एक अव्यवसायिक संकलन जिसका एक मात्र और निःस्वार्थ उद्देश्य महान काव्य किवदंतियों के अप्रतिम रचना संसार को अधिकाधिक काव्य रसिकों तक पंहुचाना है... "काव्य मंजूषा"
Showing posts with label मिर्ज़ा ग़ालिब. Show all posts
Showing posts with label मिर्ज़ा ग़ालिब. Show all posts

Thursday, 9 August 2012

दिल नहीं रहा

अर्ज़े नियाजे इश्क' के क़ाबिल नहीं रहा. 
जिस दिल पे नाज़ था मुझे वो दिल नहीं रहा. 

जाता हूँ दाग़े हसरते हस्ती लिए हुए,
हूँ शमअ-ए-कुश्ता' दरखुरे महफ़िल' नहीं रहा. 

मरने की ऐ दिल और ही तदबीर कर कि मैं,
शायाने दस्त'-ओ-बाज़ू-ए-कातिल नहीं रहा. 

गो मैं रहा रहीने सितम हाए रोजगार', 
लेकिन तेरे ख़याल से गाफ़िल' नहीं रहा. 

बेदादे इश्क' से नहीं डरता मगर 'असद'
जिस दिल पे नाज़ था मुझे वो दिल नहीं रहा.

______________शब्दार्थ_______________
| अर्जेनियाजेइश्क=प्रेम कि अभिव्यक्ति | शमअ-ए-कुश्ता=चिराग जो बुझ रहा है | दरखुरे महफ़िल=सभा के लायक | शायाने दस्त=हाथों के लायक | बाजू-ए-कातिल=हत्यारे की हाथ | रहीने सितम हाए रोजगार=दुनियावी अत्याचारों का कैदी(गिरवी रखा हुआ) | गाफिल=बेखबर | बेदादे इश्क=मुहब्बत का अत्याचार |
__________________________________

Wednesday, 25 July 2012

नज़र-ए-इनायत

आह को चाहिए इक उम्र असर होने तक. 
कौन जीता है तेरे जुल्फ के सर होने तक. 

आशिकी सब्र तलब और तमन्ना बेताब, 
दिल का क्या रंग करूँ खून-ए-जिगर होने तक. 

हमने माना की तगाफुल' न करोगे लेकिन,
ख़ाक हो जावेंगे हम तुमको खबर होने तक. 

परतवे खूर' से है शबनम को फ़ना' की तालीम', 
मैं भी हूँ एक इनायत की नज़र' होने तक. 

गमेहस्ती का असद किससे हो जुज मर्ग' इलाज, 
शमअ हर रंग में जलती है सहर होने तक.

_____________शब्दार्थ_______________
| तगाफुल=नजरअंदाज | परतवे खूर=सूर्य की किरण | फ़ना=मिट जाना | तालीम=शिक्षा | नज़र=भेंट | जुज मर्ग=मौत के सिवाय | 
_________________________________

गिरिफ्तारे वफ़ा

दोस्त गमख्वारी' में मेरी सई' फ़रमावेंगे क्या.
ज़ख्म के भरने तलक नाख़ून न बढ़ जावेंगे क्या. 

बेनियाज़ी' हद से गुज़री बन्दा परवर कब तलक,
हम कहेंगे हाले दिल और आप फ़रमावेंगे क्या.

हजरते नासेह' गर आवें दीद ओ दिल फर्शेराह'
कोई मुझको ये तो समझा दो कि समझावेंगे क्या.

आज वां तेगो कफन' बांधे हुए जाता हूँ मैं, 
उज्र' मेरा क़त्ल करने में वो अब लावेंगे क्या. 

गर किया नासेह ने हमको कैद अच्छा यूँ सही, 
ये जुनुने इश्क के अंदाज छुट जावेंगे क्या.

ख़ाना जादे ज़ुल्फ़ है, जंजीर से भागेंगे क्यूँ, 
हैं गिरिफ्तारे वफ़ा जिन्दां से घबरावेंगे क्या.

है अब इस मामूरे' में कहत-ए-गम-ए-उल्फत' असद,
हमने ये माना कि दिल्ली में रहें, खावेंगे क्या. 

_______________शब्दार्थ_________________
|गमख्वारी=हमदर्दी | सई=सहायता | बेनियाज़ी=उपेक्षा | नासेह=धर्म की शिक्षा देने वाला | दीदोदिल फर्शेराह=आँख और दिल राह में बिछाना | तेगो कफ़न=तलवार और कफ़न | उज्र=बहाना | ख़ानाजादे जुल्फ=ज़ुल्फ़ का कैदी | जिंदां=कारागार | कहत-ए-गम-ए-उल्फत=मुहब्बत के दुखों का अकाल |
_____________________________________

Saturday, 23 June 2012

बवाले दोश

दीवानगी से दोश' पे जुन्नार' भी नहीं. 
यानी हमारे जेब में इक तार भी नहीं. 

दिल को नियाज़े हसरते दीदार' कर चुके, 
देखा तो हममें ताकते दीदार' भी नहीं. 

बेइश्क' उम्र कट नहीं सकती है और यां, 
ताकत बक़द्रे' लज्ज़ते आज़ार' भी नहीं. 

शोरिदगी' के हाथ में है सर बवाले दोश', 
सहरा' में ऐ खुदा कोई दीवार भी नहीं.

मिलना तेरा अगर नहीं आसां तो सहल है, 
दुश्वार' तो यही है कि दुश्वार भी नहीं. 

डर नालाहाए ज़ार' से मेरे खुदा को मान, 
आखिर नवा-ए-मुर्गे' गिरिफ्तार' भी नहीं. 

इस सादगी पे कौन न मर जाए ऐ खुदा, 
लड़ते हैं और हाथ में तलवार भी नहीं. 

देखा असद को खल्वतो जलवत' में बारहा, 
दीवाना गर नहीं है तो हुशियार भी नहीं.

_____________________शब्दार्थ_____________________
दोश = कंधा | जुन्नार = यज्ञोपवित | नियाजे हसरते दीदार = मुलाक़ात और देखने कि इच्छा | ताक़ते दीदार = देखने कि ताक़त | बेइश्क = बिना मुहब्बत के | ताकत बक़द्रे लज्ज़ते आज़ार = दुखों का स्वाद लेने कि ताक़त | शोरिदगी = जूनून | बवाले दोश = कंधे कि मुसीबत | सहरा = रेगिस्तान | नालाहाए जार = आर्तनाद | नवा-ए-मुर्ग = पक्षी कि आवाज़ | गिरिफ्तार = क़ैद | खल्वतो जलवत = एकांत और महफ़िल |
__________________________________________