पढने और संकलन का शौक ही इस ब्लॉग का आधार है... महान कवि, शायर, रचनाकार और उनकी उत्कृष्ट रचनाएँ.... हमारे मित्र... हमारे गुरु... हमारे मार्गदर्शक... निश्चित रूप से हमारी बहुमूल्य धरोहर... विशुद्ध रूप से एक अव्यवसायिक संकलन जिसका एक मात्र और निःस्वार्थ उद्देश्य महान काव्य किवदंतियों के अप्रतिम रचना संसार को अधिकाधिक काव्य रसिकों तक पंहुचाना है... "काव्य मंजूषा"
Showing posts with label जयशंकर प्रसाद. Show all posts
Showing posts with label जयशंकर प्रसाद. Show all posts

Saturday, 9 March 2013

हे सागर संगम अरुण नील!

          अतलांत महा गंभीर जलधि-
          तजकर अपनी यह नियत अवधि, 
लहरों के भीषण हासों में,
आकर खारे उच्छवासों में
          युग-युग की मधुर कामना के-
          बंधन को देता जहां ढील!
          हे सागर संगम अरुण नील!

पिंगल किरणों-सी मधु-लेखा,
हिमशैल बालिका को कब देखा,
          कलरव संगीत सुहाती,
          किस अतीत युग की गाथा गाती आती. 
आगमन अनंत मिलन बनकर-
बिखराता फेनिल तरल खील!
हे सागर संगम अरुण नील!

          आकुल अकूल बनने आती,
          अब तक तो है वह आती, 
देवलोक की अमृत कथा की माया-
छोड़ हरित कानन की आलस छाया-
          विश्राम मांगती अपना,
          जिसका देखा था सपना-
निस्सीम व्योम तल नील अंक में-
अरुण ज्योति की झील बनेगी कब सलील? 
हे सागर संगम अरुण नील!

________________________       
 

    

मैं ह्रदय की बात रे मन

तुमुल कोलाहल कलह में
मैं ह्रदय की बात रे मन.

विकल होकर नित्य चंचल,
खोजती जब नींद के पल,
चेतना थक सी रही तब;
मैं मलय की बात रे मन.
तुमुल कोलाहल कलह में
मैं ह्रदय की बात रे मन.

चिर विषाद विलीन मन की,
इस व्यथा के तिमिर वन की,
मैं उषा-सी ज्योति रेखा,
कुसुम विकसित प्रात रे मन;
तुमुल कोलाहल कलह में
मैं ह्रदय की बात रे मन.

जहां मरू ज्वाला धधकती,
चातकी कन को तरसती;
उन्हीं जीवन घाटियों की,
मैं सरस बरसात रे मन.
तुमुल कोलाहल कलह में
मैं ह्रदय की बात रे मन.

पवन की प्राचीर में रुक,
जला जीवन जी रहा झुक;
इस झुलसते विश्व-दिन की,
मैं कुसुम ऋतु रात रे मन.
तुमुल कोलाहल कलह में
मैं ह्रदय की बात रे मन.

चिर निराशा नीरधर में,
प्रतिच्छायित अश्रु-सर में;
मधुप मुखर मरंद मुकुलित,
मैं सजल जलजात रे मन.
तुमुल कोलाहल कलह में
मैं ह्रदय की बात रे मन.
______(कामायनी से)______

Thursday, 11 October 2012

जाग री !

बीती विभावरी जाग री !
अम्बर-पनघट में डुबो रही- 
तारा-घट ऊषा नागरी !
बीती विभावरी जाग री !

खग-कुल कुल-कुल सा बोल रहा,
किसलय का अंचल डोल रहा,
लो यह लतिका भी भर लाई-
मधुमुकुल नवल रस गागरी !
बीती विभावरी जाग री !

अधरों में राग अमंद लिए,
अलकों मे मलयज बंद लिए,
तू अब तक सोई है आली-
आँखों में भरे विहाग री ! 

बीती विभावरी जाग री ! 
________________________

Tuesday, 9 October 2012

मेरे नाविक

ले चल वहाँ भुलावा देकर,
मेरे नाविक! धीरे-धीरे!

जिस निर्जन में सागर-लहरी!
अम्बर के कानों में गहरी-
निश्छल प्रेम कथा कहती हो,
तज कोलाहल की अवनी रे!

जहां सांझ सी जीवन छाया, 
ढीले अपनी कोमल काया,
ढीले नयन से ढुलकाती हो,
ताराओं की पांत घनी रे!

जिस गंभीर मधुर छाया में-
विश्व चित्र-पट चल माया में,
विभुता विभु सी पड़े दिखाई 
दुःख-सुखवाली सत्य बनी रे!

श्रम विश्राम क्षितिज बेला से-
जहां सृजन करते मेला से-
अमर जागरण उषा नयन से-
बिखराती हो ज्योति घनी रे!

ले चल वहाँ भुलावा देकर,
मेरे नाविक! धीरे-धीरे!
__________________

Monday, 8 October 2012

लोल लहर

               उठ उठ री लघु लघु लोल लहर!

करुणा की नव अंगराई सी, 
मलयानिल की परछाई सी,
               इस सूखे तट पर छिटक छहर!
               उठ उठ री लघु-लघु लोल लहर!

शीतल कोमल चिर कम्पन सी,
दुर्ललित हठीले बचपन सी,
तू लौट कहाँ जाती है री-
               यह खेल खेल में ठहर-ठहर!
               उठ उठ री लघु-लघु लोल लहर!

उठ-उठ, गिर-गिर, फिर-फिर आती,
नर्तित पदचिह्न बना जाती,
सिकता की रेखाएं उभार-
               भर जाती अपना तरल - सिहर!
               उठ उठ री लघु लघु-लोल लहर!

तू भूल न री, पंकज वन में,
जीवन के इस सूनेपन में,
ओ प्यार पुलक से भरी ढुलक!
               आ चूम पुलिन के विरस अधर!
               उठ उठ री लघु लघु-लोल लहर!

____________________