पढने और संकलन का शौक ही इस ब्लॉग का आधार है... महान कवि, शायर, रचनाकार और उनकी उत्कृष्ट रचनाएँ.... हमारे मित्र... हमारे गुरु... हमारे मार्गदर्शक... निश्चित रूप से हमारी बहुमूल्य धरोहर... विशुद्ध रूप से एक अव्यवसायिक संकलन जिसका एक मात्र और निःस्वार्थ उद्देश्य महान काव्य किवदंतियों के अप्रतिम रचना संसार को अधिकाधिक काव्य रसिकों तक पंहुचाना है... "काव्य मंजूषा"
Showing posts with label कबीर दास. Show all posts
Showing posts with label कबीर दास. Show all posts

Wednesday, 13 March 2013

भूले को घर लावे...



अवधू भूले को घर लावे।
सो जन हमको भावे, अवधू भूले को घर लावे॥

घर में योग, भोग घर ही में, घर तजि बन नहीं धावे।
बन के गए कल्पना उपजे अब धों कहाँ समावे॥
अवधू भूले को घर लावे॥

घर में जुक्ति, मुक्ति घर ही में, जो जीगुरु अलख जगावे।
सहज सुन्न में रहे समाना, सहज समाधि लावे॥
अवधू भूले को घर लावे॥

उनमुनि रहै ब्रह्म को चीन्हे, हरम तत्त्व को ध्यावे।
सुरत निरत से मेला करके, अनहद नाद बजावे॥
अवधू भूले को घर लावे॥

घर में बसत, बस्तु भी घर है, घर ही बस्तु मलावे।
कहै कबीर सुनो हो अवधू, ज्यों का त्यों ठहरावे॥
अवधू भूले को घर लावे॥

_______________________

Tuesday, 7 August 2012

उड़ गया हंस


साधो यह तन ठाठ तंबूरे का॥

पाँच तत्व का बना तंबूरा तार लगा नवतूरे का।
साधो यह तन ठाठ तंबूरे का॥

ऐंचत तार मरोरत खूंटी निकसत राग हजूरे का,
टूटा तार बिखर गई खूंटी हो गया धूर मधूरे का।
साधो यह तन ठाठ तंबूरे का॥

या देही का गर्व न कीजै उडि गया हंस तंबूरे का,
क़हत कबीर सुनो भई साधो अगम पंथ कोई सूरे का।
साधो यह तन ठाठ तंबूरे का॥ 

_______________________

Saturday, 7 July 2012

भज हंसा हरी नाम

भज हंसा हरिनाम, जगत में जीवन थोड़ा जी. 

काया आई पाहुनी, हंस आय महमान. 
पानी का सा बुलबुला थोड़ा सा उन्मान. 
बना कागज़ का घोड़ा जी. 
भज हंसा हरिनाम, जगत में जीवन थोड़ा जी.

मात पिता सुत बन्धुवा और दुलहनी नार. 
यही मिले बिछड़े सभी यह शोभा दिन चार. 
बना दो दिन का जोड़ा जी. 
भज हंसा हरिनाम, जगत में जीवन थोड़ा जी. 

राम भजन की हांसी करते, 
मन में राखे पाप.
पेट पलनियाँ वे चलें,
ज्यूँ जगल के सांप. 
नेह जिन हरि से तोड़ा जी. 
भज हंसा हरिनाम, जगत में जीवन थोड़ा जी. 

हाड़ जले ज्यूँ लाकडी, केस जले ज्यूँ घांस. 
जलती चिता यूँ देख के, भये कबीर उदास. 
नेह जिन हरि से जोड़ा जी. 
भज हंसा हरिनाम, जगत में जीवन थोड़ा जी. 
___________________________
 

निर्बल के बलराम

सुना है निर्बल के बलराम.

जब तक गज बल अपनो कीनी,
सरो न एकहु काम;
जब गज ने हरि नाम सम्हारो,
आ गए आधे नाम. 
सुना है निर्बल के बलराम.

दीन होय जब द्रोपदी टेरी,
वसन रूप धरो श्याम;
बहुत साख सुनी संतन की,
अड़े संवरे सब काम. 
सुना है निर्बल के बलराम.

नरसि भगत ने हुंडी पेली, 
दिए रोकड़ी शाम;
कहत कबीर सुनो भई साधो,
हारे के हरि नाम. 
सुना है निर्बल के बलराम. 
__________________________

Thursday, 5 July 2012

साधू साहिब एक से

साधो, हम वासी वा देस के. 
हमरे देस में चाँद न सूरज
रात दिना रहें एक से.
साधो, हम वासी वा देस के.

सुरत निरत का ताना पूरा
कपडे बुने अलेख के,
हमरा कपड़ा मंहगा बिकत है,
पहिरे संत विवेक के.
साधो, हम वासी वा देस के. 

हमरे देस का मरम जो जाने,
सदा रहे सुख एक से;
कहै कबीर सुनो भई साधो,
साधू-साहिब एक से.
साधो, हम वासी वा देस के.  
_____________________

महा ठगिनी

माया महा ठगिनी हम जानी. 
निरगुन फांस लिए कर डोले,
बोलै मधुरी बानी.
माया महा ठगिनी हम जानी. 

केशव के कमला व्है बैठी
शिव के भवन भवानी,
पंडा के मूरति व्है बैठी
तीरथ में भई पानी.
माया महा ठगिनी हम जानी. 

जोगी के जोगिन व्है बैठी,
राजा के घर रानी.
काहू घर हीरा व्है बैठी,
काहू के कौड़ी कानी.
माया महा ठगिनी हम जानी. 

भगतन के भगतनि व्है बैठी,
ब्रह्मा के ब्रह्मानी,
कहत कबीर सुनो भई साधो,
यह सब अकथ कहानी.
माया महा ठगिनी हम जानी. 
_______________________

Tuesday, 3 July 2012

देस बिराना

रहना नहिं देस बिराना है. 

यह संसार कागद की पुडिया,
बूँद पड़े घुल जाना है. 
रहना नहिं देस बिराना है. 

यह संसार काँटों की बाड़ी,
उलझ उलझ मरि जाना है.
रहना नहिं देस बिराना है.

यह संसार झाड ओ झाँखर,
आग लगे बरि जाना है. 
रहना नहीं देस बिराना है. 

कहत कबीर सुनो भई साधो,
सतगुरु नाँव ठिकाना है. 
रहना नहिं देस बिराना है. 
____________________

गगन गुफा

रस गगन गुफा में अजर झरे. 
बिन बाजा झंकार उठे जंह 
समझि परे जब ध्यान धरे. 
रस गगन गुफा में अजर झरे. 

बिना ताल जंह कमल फुलाने
तेहि चढ़ि हंसा केलि करे,
बिन चन्दा उजियारी दरसे, 
जंह तंह हंसा नजर परे.
रस गगन गुफा में अजर झरे. 

दसवें द्वारे ताली लागे
अलख पुरुष जेंहि ध्यान धरे,
काल कराल निकट नहि आवे,
काम क्रोध मद लोभ जरे.
रस गगन गुफा में अजर झरे. 

जुगन जुगन की तृषा बुझाती
करम भरम अध ब्याधि टरे,
कहै कबीर सुनो भई साधो,
अमर होय कबहूँ न मरे.
रस गगन गुफा में अजर झरे. 
_____________________

Sunday, 1 July 2012

उजड़ता खेत

जतन बिन मिरगा ने खेत उजारा. 

पांच मिरग पच्चीस मिरगनी, ता में तीन चिकारा.
अपने अपने रस के भोगी, चुगते न्यारा न्यारा. 
जतन बिन मिरगा ने खेत उजारा. 

उठ के झुण्ड मृगा के आये, बैठे खेत मंझारा.
हो हो करत बली ले भागे मुख बाए रखवारा. 
जतन बिन मिरगा ने खेत उजारा. 

मारे मरे न टरे नहीं टारे, बिगरे नाहिं बिडारा.
अति परपंच महा दुखदाई, तीन लोक पचि हारा. 
जतन बिन मिरगा ने खेत उजारा. 

ज्ञान का भूला सुरति चूका, गुरू शब्द रखवारा.
कहै कबीर सुनो भाई संतों, बिरला भले सहारा. 
जतन बिन मिरगा ने खेत उजारा.
_________________________

प्यासी मछरी

पानी में मीन पियासी रे. 
मोये सुन सुन आवे हांसी रे.
पानी में मीन पियासी रे. 

जल-थल सागर पूर रहा है,
भटकत फिरे उदासी रे. 
पानी में मीन पियासी रे. 

आतमज्ञान बिना नर भटके, 
कोई मथुरा, कोई कासी रे.
पानी में मीन पियासी रे. 

गंगा जाय गोदावरी जाय
भक्ति बिन सब नासी रे. 
पानी में मीन पियासी रे. 

कहत कबीर सुनो भाई संतों
सहज मिले अविनासी रे. 
पानी में मीन पियासी रे. 
__________________________