पढने और संकलन का शौक ही इस ब्लॉग का आधार है... महान कवि, शायर, रचनाकार और उनकी उत्कृष्ट रचनाएँ.... हमारे मित्र... हमारे गुरु... हमारे मार्गदर्शक... निश्चित रूप से हमारी बहुमूल्य धरोहर... विशुद्ध रूप से एक अव्यवसायिक संकलन जिसका एक मात्र और निःस्वार्थ उद्देश्य महान काव्य किवदंतियों के अप्रतिम रचना संसार को अधिकाधिक काव्य रसिकों तक पंहुचाना है... "काव्य मंजूषा"
Showing posts with label महादेवी वर्मा. Show all posts
Showing posts with label महादेवी वर्मा. Show all posts

Wednesday, 13 March 2013

मेरे भारत मेरे विशाल

मैं कम्पन हूँ तू करुण राग 
मैं आंसू हूँ तू है विषाद, 
मैं मदिरा तू उसका खुमार 
मैं छाया तू उसका अधार;
          मेरे भारत मेरे विशाल 
          मुझको कह लेने दो उदार!
          फिर एक बार बस एक बार! 

जिनसे कहती बीती बहार 
'मतवाली जीवन है असार' 
जिन झंकारों के मधुर गान
ले गया छीन कोई अजान;
          उन तारों पर बनकर विहाग 
          मंडरा लेने दो हे उदार!
          फिर एक बार बस एक बार!

कहता है जिनका व्यथित मौन 
'हम सा निष्फल है आज कौन'?
निर्धन के धन सी हास-रेख 
जिनकी जग ने पायी न देख, 
          उन सूखे ओठों के विषाद-
          में मिल जाने दो हे उदार!
          फिर एक बार बस एक बार!

जिन पलकों में तारे अमोल
आंसू से करते हैं किलोल,
जिन आँखों का गौरव अतीत 
कहता 'मिटना है मधुर जीत'
          उस चिंतित चितवन में विहास
          बन जाने दो मुझको उदार!
          फिर एक बार बस एक बार!

फूलों सी हो पल में मलिन
तारों सी सूने में विलीन,
ढुलती बूंदों से ले विराग 
दीपक से जलने का सुहाग; 
          अंतरतम की छाया समेट
          मैं तुझमें मिट जाऊं उदार!
          फिर एक बार बस एक बार! 

______________________  

Thursday, 9 August 2012

नया संसार

चाहता है यह पागल प्यार,
अनोखा एक नया संसार!

कलियों के उच्छ्वास शून्य में ताने एक वितान,
तुहिन-कणों पर मृदु कम्पन से सेज बिछा दें गान, 
जहां सपने हों पहरेदार;
अनोखा एक नया संसार!

करते हों आलोक जहां बुझ बुझ कर कोमल प्राण, 
जलने में विश्राम जहां मिटने में हो निर्वाण,
वेदना मधु-मदिरा की धार;
अनोखा एक नया संसार!

मिल जावे उस पार क्षितिज के सीमा सीमाहीन,
गर्वीले नक्षत्र धरा पर लोटें हो कर दीन, 
उदधि हो नभ का शयनागार;
अनोखा एक नया संसार!

जीवन की अनुभूति-तुला पर अरमानों से तोल,
यह अबोध मन मूक व्यथा से ले पागलपन भोल,
करें दृग आंसू का व्यापार;
अनोखा एक नया संसार. 

_____________________


Tuesday, 7 August 2012

सौ निर्वाण

मैं अनंत पथ में लिखती जो
सस्मित सपनों की बातें
उनको कभी न धो पाएंगी
अपने आंसू से रातें! 

उड़ उड़ कर जो धूल करेगी
मेघों का नभ में अभिषेक, 
अमिट रहेगी उसके अंचल-
में मेरी पीड़ा की रेख! 

तारों में प्रतिबिम्बित हो
मुस्काएँगी अनंत आँखें, 
होकर सीमाहीन, शून्य में
मंडराएंगी अभिलाषें!

वीणा होगी मूक बजाने-
वाला होगा अंतर्धान,
विस्मृत के चरणों पर आकर
लौटेंगे सौ सौ निर्वाण! 

जब असीम से हो जाएगा
मेरी लघु सीमा का मेल,
देखोगे तुम देव! अमरता 
खेलेगी मिटने का खेल! 

_____________________ 

Tuesday, 31 July 2012

मृदुल तूलिका

रजतकरों की मृदुल तूलिका
से ले तुहिन-बिंदु सुकुमार,
कलियों पर जब आंक रहा था 
करुण कथा अपनी संसार,

तरल ह्रदय की उच्छ्वास
जब भोले मेघ लुटा जाते,
अन्धकार दिन की चोटों पर 
अंजन बरसाने आते!

मधु की बूंदों में छलके जब 
तारक-लोकों के शुचि फूल,
विधुर ह्रदय की मृदु कम्पन सा 
सिहर उठा वह नीरव कूल,

मूक प्रणय से, मधुर व्यथा से,
स्वप्नलोक के से आह्वान,
वे आये चुपचाप सुनाने 
तब मधुमय मुरली की तान!

चल चितवन के दूत सुना 
उनके, पल में रहस्य की बात,
मेरे निर्निमेय पलकों पर 
मचा गए क्या क्या उत्पात! 

जीवन है उन्माद तभी से 
निधियां प्राणों के छाले, 
मांग रहा है विपुल वेदना...
के मन प्याले पर प्याले!

पीड़ा का साम्राज्य बस गया 
उस दिन दूर क्षितिज के पार,
मिटाना था निर्वाण जहां 
नीरव रोदन था पहरेदार!

कैसे कहती हो सपना है 
अली! उस मूक मिलन की बात?
भरे हुए अब तक फूलों में 
मेरे आंसू उनके हास! 
________________

Thursday, 26 July 2012

धो देता राकेश

निशा की, धो देता राकेश
चाँदनी में जब अलकें खोल,
कलि से कहता था मधुमास 
बता दो मधुमदिरा का मोल.

बिछाती थी सपनों के जाल
तुम्हारी वह करुणा की कोर,
गयी वह अधरों की मुस्कान 
मुझे मधुमय पीड़ा में बोर.

झटक जाता था पागल वात
धूलि में तुहिन-कणों के हार,
सिखाने जीवन का संगीत 
तभी तुम आये थे इस पार!

गए तब से कितने युग बीत 
हुए कितने दीपक निर्वाण,
नहीं पर मैंने पाया सीख
तुम्हारा सा मनमोहन गान!

भूलती थी मैं सीखे राग
बिछलते थे कर बारम्बार,
तुम्हें तब आता था करुणेश!
उन्हीं मेरी भूलों पर प्यार!

नहीं अब गाया जाता देव!
थकी अंगुली, हैं ढीले तार,
विश्ववीणा में अपनी आज
मिला लो यह अस्फुट झंकार! 
______________________