पढने और संकलन का शौक ही इस ब्लॉग का आधार है... महान कवि, शायर, रचनाकार और उनकी उत्कृष्ट रचनाएँ.... हमारे मित्र... हमारे गुरु... हमारे मार्गदर्शक... निश्चित रूप से हमारी बहुमूल्य धरोहर... विशुद्ध रूप से एक अव्यवसायिक संकलन जिसका एक मात्र और निःस्वार्थ उद्देश्य महान काव्य किवदंतियों के अप्रतिम रचना संसार को अधिकाधिक काव्य रसिकों तक पंहुचाना है... "काव्य मंजूषा"
Showing posts with label बहादुर शाह ज़फर. Show all posts
Showing posts with label बहादुर शाह ज़फर. Show all posts

Tuesday, 7 August 2012

उजड़ा दियार

लगता नहीं है जी मेरा उजड़े दियार' में.
किसकी बनी है आलमे-नापायेदार' मे.

बुलबुल को पासबां से न सैयाद से गिला,
किस्मत में कैद थी लिखी फस्लेबहार' में

कह दो कि हसरतों से कहीं और जा बसें,
इतनी जगह कहाँ है दिले दागदार में. 

इक शाखे गुल पे बैठके बुलबुल है शादमां',
कांटे बिछा दिए हैं दिले लालःजार' में. 

उम्रे दराज मांग कर लाये थे चार दिन,
दो आरजू में कट गए दो इंतिजार में. 

है कितना बदनसीब 'जफ़र' दफ्न के लिए,
दो गज जमीन भी मिल न सकी कू-ए-यार' में.

_______________शब्दार्थ________________
| दियार=जगह(देश/शहर) | आलमे नापायेदार=क्षणिक संसार | पासबां=रक्षक | सैयाद=शिकारी | फस्ले बहार=बसंत ऋतु | शाखे गुल=फूलों से लदी डाल | शादमां=प्रसन्न | दिले लालःजार=दिल का उपवन | कू-ए-यार=प्रिय की गली (तात्पर्य मादरे वतन)
___________________________________
 


Friday, 27 July 2012

काकुलें

कभी बन संवर के जो आ गए, तो बहारे हुस्न दिखा गए. 
मेरे दिल को दाग़ लगा गए, ये नया शिगूफ़ा खिला गए. 

कोई क्यों किसी का लुभाए दिल कोई क्यों किसी से लगाए दिल, 
जो वो बेचते थे दवाये दिल वो दुकान अपनी बढ़ा गए. 

मेरे पास आते थे दम-ब-दम वो जुदा न होते थे एक दम,
ये दिखाया चर्ख' ने क्या सितम कि मुझी से आँखें चुरा गए. 

बंधें क्यूँ न आंसुओं कि झडी, कि ये हसरत उनके गले पडी,
वे जो काकुलें' थीं बड़ी-बड़ी, वो उन्हीं के पेंच में आ गए. 

यही शौक़ था हमें दम-ब-दम, कि बहार देखेंगे अब के हम,
ज्यूँ ही छूटे कैदे कफ़स से हम तो सुना खिजाँ' के दिन आ गए.

_____________शब्दार्थ_____________
चर्ख=आकाश | काकुलें=जुल्फ़ | खिजाँ=पतझड़ |
_________________________________

दिले बेक़रार

पसे मर्ग' मेरे मज़ार पर जो दिया किसी ने जला दिया. 
उसे आह! दामने बाद' ने सरे शाम' ही से बुझा दिया. 

मुझे दफ़्न करना तू जिस घड़ी तो ये उससे कहना कि ऐ परी,
वो जो तेरा आशिक़े ज़ार' था तहे ख़ाक उसको दबा दिया. 

दमे ग़ुस्ल' से मेरे पेशतर' उसे हमदमों' ने ये सोचकर,
कहीं जावे उसका न दिल दहल, मेरी लाश पर से उठा दिया. 

मेरी आँख झपकी थी एक पल मेरे दिल ने चाहा कि उठ के चल,
दिले बेक़रार ने ओ मियाँ! वहीँ चुटकी लेके जगा दिया. 

मैंने दिल दिया, मैंने जान दी, मगर आह तूने न क़द्र की,
किसी बात को जो कभी कहा, उसे चुटकियों में उड़ा दिया.

_________________शब्दार्थ___________________
पसेमर्ग=मौत के बाद | दामने बाद=हवा का आँचल | सरेशाम=शाम ढलते ही | आशिक़ेज़ार=दुखी आशिक़ | दमे ग़ुस्ल=नहलाते वक़्त(शव को) | पेशतर=पहले ही | हमदमों=दोस्तों | 
_________________________________________